सावन पूर्णिमा पर कुंदा का महादेव मठ मंदिर हुआ भक्तिमय

360°


रिपोर्ट -सिकेद्र कुमार यादव

कुंदा (चतरा)। सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर चतरा जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल महादेव मठ मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हो गया है। गुरुवार को मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना के उपरांत एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें कुंदा पंचायत एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सिर पर मंगल कलश धारण किए श्रद्धालु महिलाओं की यात्रा महादेव मठ मंदिर से शुरू होकर प्रखंड कार्यालय, कुंदा चौक और राजागढ़ परिक्रमा करते हुए पुन: मंदिर परिसर पहुंचकर कलश यात्रा संपन्न हुई। गाजे-बाजे और डीजे की सुमधुर धार्मिक धुनों के बीच निकली इस यात्रा से पूरा क्षेत्र शिव भक्ति के रंग में भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुंदा पंचायत के मुखिया मनोज कुमार साहू की देखरेख में पुख्ता इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए महादेव मठ समिति द्वारा पेयजल व सुरक्षा से जुड़े विशेष प्रबंध किए गए। कलश यात्रा के समापन के साथ ही मंदिर परिसर में 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन प्रारंभ हो गया है, जिसके समापन पर भव्य महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। सावन पूर्णिमा के मुख्य अवसर पर तड़के से ही महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं द्वारा भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के लिए उमड़ता है भक्तों का जन सैलाब।

Spread the love