Eksandeshlive Desk
पलामू: पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इस हादसे में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। महिला की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के सीलदाग गांव निवासी आरती कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरती कुमारी अपने पति रंगीला सिंह के साथ अपने मायके बरवाडीह जा रही थीं, ताकि अपने भाई को राखी बांध सकें। दोनों बाइक से निकले थे। नावाबाजार थाना से कुछ ही दूरी पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इस हादसे में आरती व रंगीला दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नावाबाजार थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची व दोनों घायलों को एमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने आरती कुमारी को मृत घोषित कर दिया। घायल रंगीला सिंह का इलाज जारी है। आरती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया व परिजनों को सौंप दिया।
