Eksandeshlive Desk
रांची : भारत की प्रमुख दूरसंचार कंपनी वी (वोडाफोन आइडिया) ने विश्व के अग्रणी ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म स्पॉटिफाई के साथ नई रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी का उद्देश्य वी ग्राहकों को बेहतर डिजिटल मनोरंजन अनुभव प्रदान करना है, जिसमें वी की मजबूत कनेक्टिविटी और स्पॉटिफाई का प्रीमियम ऑडियो स्ट्रीमिंग अनुभव एक साथ मिलेगा। नई पेशकश के तहत वी के पोस्टपेड ग्राहकों को स्पॉटिफाई प्रीमियम की सुविधा तीन महीने तक पूरी तरह निःशुल्क मिलेगी। यह लाभ नए और मौजूदा दोनों पात्र ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगा। कंपनी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ग्राहकों के दैनिक डिजिटल अनुभव को और बेहतर बनाना है। स्पॉटिफाई प्रीमियम के साथ ग्राहकों को विज्ञापन-मुक्त संगीत सुनने, ऑफलाइन डाउनलोड, अनलिमिटेड स्किप्स, किसी भी गाने को अपनी पसंद से चलाने तथा 320 केबीपीएस तक की उच्च गुणवत्ता वाली ऑडियो स्ट्रीमिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी। उपयोगकर्ता 10 करोड़ से अधिक गानों और 70 लाख से ज्यादा पॉडकास्ट शीर्षकों का आनंद ले सकेंगे।
वी के मुख्य विपणन अधिकारी (सीएमओ) अवनीश खोसला ने कहा कि संगीत ग्राहकों के डिजिटल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्पॉटिफाई के साथ यह साझेदारी वी के मनोरंजन इकोसिस्टम को और मजबूत करेगी तथा ग्राहकों को प्रीमियम कंटेंट का बेहतर अनुभव देगी। वहीं स्पॉटिफाई इंडिया के प्रबंध निदेशक अमरजीत बत्रा ने कहा कि भारत में किसी टेलीकॉम कंपनी के साथ यह स्पॉटिफाई की पहली ऐसी साझेदारी है, जो लाखों संगीत और पॉडकास्ट प्रेमियों तक स्पॉटिफाई प्रीमियम की पहुंच को आसान बनाएगी। यह सुविधा वी के 451, 551, 751 और ₹1201 (रेड एक्स) वाले व्यक्तिगत पोस्टपेड प्लान तथा 701, 751, 871, 1201, 1301, 1401, 1526 और 1601 (रेड एक्स फैमिली) वाले फैमिली पोस्टपेड प्लानों में उपलब्ध होगी। फैमिली प्लान में यह लाभ प्राथमिक सदस्य को मिलेगा। तीन महीने की निःशुल्क अवधि समाप्त होने के बाद ग्राहक वी वी की “एड टू बिल” सुविधा के माध्यम से ₹139 प्रति माह में स्पॉटिफाई प्रीमियम सेवा जारी रख सकेंगे। स्पॉटिफाई प्रीमियम को सक्रिय करने के लिए पात्र ग्राहक वी ऐप के माध्यम से सदस्यता ले सकेंगे।
