By Sunil
रांची: रिम्स में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निदेशक प्रो. डॉ. डीके सिन्हा ने मंगलवार को दोपहर में केंद्रीय रसोईघर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. हिरेन्द्र बिरुआ, उप चिकित्सा अधीक्षक सहित संस्थान के अन्य वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान निदेशक ने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, रसोईघर की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के भंडारण, भोजन वितरण व्यवस्था तथा अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप उसकी मात्रा की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान रसोईघर के कुछ हिस्सों में स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर निदेशक ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि रसोईघर में साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा के सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि मरीजों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। निरीक्षण के क्रम में रसोईघर के कर्मचारियों के उपस्थिति पंजी की भी जांच की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी अभिलेखों का नियमित एवं अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने तथा कार्यरत कर्मियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। निदेशक प्रो. (डॉ.) डीके सिन्हा ने कहा कि रिम्स में भर्ती प्रत्येक मरीज को निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को सभी कमियों को तत्काल दूर करने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
रिम्स प्रशासन मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
