By Sunil
रांची: नेशनल यूनिवर्सिटी आॅफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (एनयूएसआरएल), कांके ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चार नए पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कार्यक्रमों की शुरूआत की है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 है। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों, कर्मचारियों, कार्यरत पेशेवरों, शिक्षाविदों एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को उभरते विधिक क्षेत्रों में व्यावहारिक, समकालीन एवं विशेषज्ञ कानूनी ज्ञान प्रदान करना है। झारखंड की खनिज संपदा एवं उससे जुड़े बढ़ते कानूनी और नीतिगत महत्व को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने माइंस एंड मिनरल्स लॉ में विशेषीकृत पीजी डिप्लोमा प्रारंभ किया है। इसके साथ ही वर्तमान समय की आवश्यकताओं को देखते हुए बौद्धिक संपदा अधिकार , बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण तथा कॉपोर्रेट लॉ में भी विशेषीकृत पीजी डिप्लोमा कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों को आधुनिक कानूनी चुनौतियों, नीति-निर्माण की आवश्यकताओं तथा उद्योग एवं समाज की बदलती मांगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इन कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक डिग्री प्राप्त अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा तथा प्रत्येक कार्यक्रम में सीटों की संख्या सीमित रखी गई है। कार्यरत पेशेवरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन पाठ्यक्रमों की कक्षाएं सप्ताहांत व अवकाश के दिनों में आयोजित की जाएंगी, ताकि नौकरीपेशा अभ्यर्थी भी अपनी व्यावसायिक जिम्मेदारियों के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें।
