मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नेमरा में दिखा रहे संस्कार, स्मृतियां और परंपरा

Politics

Eksandeshlive Desk

रामगढ़: समाज में कुछ तस्वीरें केवल एक दिन की घटना नहीं होती, बल्कि अपने भीतर परिवार, संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं की कहानी समेटे रहती हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पैतृक गांव नेमरा में ऐसे ही पलों को दर्शाते दिखे। दिवंगत माता रूपी सोरेन के निधन के बाद लगातार छठे दिन वे संथाली रीति-रिवाज के अनुसार खाना-पानी अर्पित करने की पारंपरिक रस्म निभाने पहुंचे। इस दौरान उनके बड़े सुपुत्र नितिल सोरेन और चचेरे भाई भी मौजूद रहे।

संथाली समाज में परंपराओं का अपना विशिष्ट महत्व: इस अवसर का एक महत्वपूर्ण पहलू मुख्यमंत्री के साथ उनके बड़े सुपुत्र नितिल की मौजूदगी रही। एक ओर पिता अपनी दिवंगत मां से जुड़ी परंपरा निभा रहे थे, तो दूसरी ओर बेटा अपने परिवार के संस्कारों का साक्षी बन रहा था। यह दृश्य संथाली समाज में पारिवारिक रिश्तों और सांस्कृतिक विरासत के महत्व को रेखांकित करता है। नेमरा की धरती पर निभाई जा रही यह रस्म केवल एक पारिवारिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का भी प्रतीक है। संथाली समाज में परंपराओं का अपना विशिष्ट महत्व है। पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ते संस्कार परिवार को अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का लगातार छठे दिन नेमरा में बिताना और संथाली रीति-रिवाज के अनुसार पारंपरिक रस्म निभाना उनके परिवार की सांस्कृतिक परंपरा के निर्वहन को दर्शाता है। इस दौरान चचेरे भाइयों की मौजूदगी ने भी पारिवारिक सहभागिता को सामने रखा। यह कहानी केवल एक मुख्यमंत्री की कहानी नहीं है। बल्कि उस सांस्कृतिक विरासत की है, जिसमें परिवार की परंपराएं अगली पीढ़ी तक पहुंचती हैं और अपनों की स्मृतियां जीवन का हिस्सा बनी रहती हैं।

आईएमए रामगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की रामगढ़ शाखा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा स्थित आवास पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। आईएमए रामगढ़ शाखा के अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार आर्या, सचिव डॉ. दिनेश कुमार और कोषाध्यक्ष डॉ. गौतम कुमार ने रूपी सोरेन के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। प्रतिनिधिमंडल ने दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति एकजुटता जताते हुए परिजनों को धैर्य और साहस बनाए रखने की कामना की। इस अवसर पर आईएमए रामगढ़ शाखा के अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार आर्या ने कहा कि दुख की इस घड़ी में संगठन के सभी सदस्य शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Spread the love