SUNIL KUMAR
साहिबगंज: साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड के तालझारी रेलवे फाटक पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फाटक बंद रहने के दौरान पौधों से लदा वन विभाग का लोगो लगा एक बिना नंबर का ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर रेलवे फाटक से टकरा गया। इस दौरान सामने खड़ी एक मोटरसाइकिल भी ट्रैक्टर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, मोटरसाइकिल सवार बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन गुजरने के बाद फाटक खुलने की प्रक्रिया चल रही थी।
इसी दौरान चालक ने ट्रैक्टर स्टार्ट करने का प्रयास किया। आशंका है कि ट्रैक्टर गियर में होने के कारण स्टार्ट होते ही आगे बढ़ गया और पहले मोटरसाइकिल को टक्कर मारते हुए रेलवे फाटक से जा भिड़ा। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही गेटमैन आशुतोष कुमार ने स्टेशन मास्टर एवं आरपीएफ को जानकारी दी। आरपीएफ पदाधिकारी रविंद्र तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को जब्त कर जांच शुरू कर दी। रविंद्र तिवारी ने बताया कि ट्रैक्टर पर वन विभाग का लोगो लगा है, लेकिन उस पर नंबर प्लेट नहीं है। मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, ट्रैक्टर पर वन विभाग का चिन्ह और पौधे लदे होने से इसकी उपयोगिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, ट्रैक्टर वन विभाग द्वारा जब्त किया गया वाहन बताया जा रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।
