दक्षिण पूर्व रेलवे के केंद्रीय अस्पताल के दर्द चिकित्सा विभाग ने कोलकाता के प्रमुख ट्रांजिट केंद्रों पर मेगा दर्द जागरूकता अभियान का किया शुभारंभ

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

कोलकाता : दक्षिण पूर्व रेलवे के केंद्रीय अस्पताल के दर्द चिकित्सा विभाग ने वेस्ट बंगाल सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ पेन (WBSSP) तथा इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ पेन (ISSP) के संयुक्त सहयोग से 1 जुलाई से 9 जुलाई, 2026 तक एक सप्ताह का जनस्वास्थ्य एवं दर्द जागरूकता अभियान आयोजित किया। यह पहल इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ पेन (ISSP) के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित की गई, जिसकी थीम “दर्द से राहत, जीवन की बहाली” (Relieving Pain, Restoring Life) थी। इस अभियान का उद्देश्य दीर्घकालिक (क्रॉनिक) दर्द प्रबंधन से जुड़ी बढ़ती चुनौतियों के प्रति लोगों को जागरूक करना था। एक सप्ताह तक चले इस अभियान का समापन 9 जुलाई, 2026 को गार्डनरीच, कोलकाता में आयोजित स्थापना दिवस समारोह के साथ हुआ।

विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाना : “क्या आप लंबे समय से दर्द से पीड़ित हैं? – दर्द विशेषज्ञ से मिलें” के संदेश के साथ संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं और आम जनता के बीच की दूरी को कम करना है। अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख रेलवे एवं मेट्रो ट्रांजिट केंद्रों पर दर्द जांच शिविर एवं निःशुल्क चिकित्सा परामर्श आयोजित किए गए। इनमें शामिल हैं— दक्षिण पूर्व रेलवे: सांतरागाछी एवं खड़गपुर स्टेशन। मेट्रो रेलवे, कोलकाता: पार्क स्ट्रीट एवं टॉलीगंज मेट्रो स्टेशन। पूर्व रेलवे: सियालदह एवं हावड़ा स्टेशन। इस अभियान में मिनिमली इनवेसिव पेन एंड स्पाइन इंटरवेंशन्स (MIPSI) अर्थात न्यूनतम आक्रामक दर्द एवं रीढ़ उपचार तकनीकों पर विशेष जोर दिया गया। चिकित्सा विशेषज्ञों ने बताया कि कमर दर्द, साइटिका, गर्दन दर्द तथा घुटनों के दर्द जैसी सामान्य दीर्घकालिक समस्याओं के लिए हमेशा बड़ी सर्जरी ही एकमात्र विकल्प नहीं होती। जब सामान्य उपचार विधियां प्रभावी नहीं रहतीं, तब MIPSI जैसी उन्नत तकनीकें बिना बड़ी सर्जरी के जोखिम के प्रभावी एवं लक्षित उपचार प्रदान करती हैं, जिससे रोगियों के जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होता है।

पूर्वी भारत में दर्द चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा : 9 जुलाई, 1984 को वाराणसी में स्थापित इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ पेन ने भारत में दर्द चिकित्सा को एक मान्यता प्राप्त सुपर-स्पेशियलिटी के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस अभियान का एक प्रमुख आकर्षण भारतीय रेल के साथ संस्थागत प्रशिक्षण सहयोग की सफलता का उत्सव भी रहा। इस साझेदारी के अंतर्गत वर्ष 2023 में दक्षिण पूर्व रेलवे केंद्रीय अस्पताल में एफएनबी (FNB) पेन मेडिसिन कार्यक्रम प्रारंभ किया गया तथा वर्ष 2024 में इसका विस्तार जगजीवन राम रेलवे अस्पताल तक किया गया, ताकि भविष्य के विशेषज्ञ दर्द चिकित्सकों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके।

Spread the love