झारखंड में 13 और 14 जुलाई को बारिश के आसार, कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य की राजधानी रांची समेत अधिकांश जिलों में 13 और 14 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसके साथ ही 12 से 14 जुलाई के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए विभाग ने संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 जुलाई को राज्य के उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्यवर्ती क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 13 जुलाई को उत्तर-पूर्वी, मध्यवर्ती तथा दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा 14 जुलाई को उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्यवर्ती जिलों में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने की अपील की है।

विभाग के अनुसार, जुलाई महीने में मानसून के दोबारा सक्रिय होने से राजधानी रांची सहित राज्य के लगभग सभी जिलों में लगातार कमोबेश बारिश हो रही है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को उमस से राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 94.2 मिलीमीटर वर्षा जामताड़ा डीवीसी क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई। इसी अवधि में राज्य का सर्वाधिक तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड हुआ। शनिवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। बीच-बीच में हल्की बारिश होती रही, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम 24.0 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में अधिकतम 31.1 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री सेल्सियस तथा चाईबासा में अधिकतम 31.8 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Spread the love