By Mustaffa
मेसरा (रांची): पिठोरिया थाना क्षेत्र के हुजीर ग्राम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 22 वर्षीय विवाहिता अनीता कुमारी को बीआईटी मेसरा ओ.पी. पुलिस ने महज 6 दिनों के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला है। शुक्रवार को पुलिस ने परिजनों को थाने बुलाकर महिला को उन्हें सौंप दिया। जानकारी के अनुसार,अनीता कुमारी बीते 4 जुलाई को बैंक ऑफ इंडिया की नेवरी शाखा से 49,000 (उनचास हजार) रुपये की नगद निकासी करने के बाद रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी सुराग न मिलने पर उनके पति दिनेश्वर साहु ने बीआईटी मेसरा ओ.पी. में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अजय कुमार दास के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से जांच शुरू की। तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई के बाद आखिरकार पुलिस ने महज 6 दिनों में महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया,जिससे पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है। वहीं,महिला के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
