Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा है कि राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर आगामी 14 जुलाई 2026 को बीएलओ–बीएलए 2 की द्वितीय संयुक्त बैठक एवं चुनाव पाठशाला का विशेष आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 की यह पूरी कवायद एक सहभागी प्रक्रिया है, जिसे शत-प्रतिशत त्रुटिहीन और सफल बनाने के लिए राज्य के प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक, मतदाता और सभी संबंधित स्टेकहोल्डर्स से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा है। के रवि कुमार ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस विशेष अभियान के तहत 14 जुलाई को दिन के 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए 2 की बैठकों का संचालन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि इस चुनाव पाठशाला में बूथ लेवल अधिकारियों की ओर से अनिवार्य रूप से प्रारूप एएसडी सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया जाए, ताकि इस सूची को सत्यापित किया जा सके। इसके साथ ही, बैठक के दौरान अनमैप्ड मतदाताओं के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चक्रधरपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 195 एवं 196 तोरपा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 87, बड़कागांव विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 44 एवं सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 218 के बीएलओ ने अपने मतदान केंद्र क्षेत्र के सभी मतदाताओं का इन्यूमरेशन फॉर्म भरवाकर इसका 100प्रतिशत डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके लिए यहां के बीएलओ के साथ–साथ मतदाताओं, बीएलए 2 एवं निर्वाचन से संबंधित सभी स्टेकहोल्डर को हार्दिक बधाई। उन्होंने राज्य के अन्य सभी मतदान केंद्र के बीएलओ एवं प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिकों से अपेक्षा की है कि वे भी इसी प्रकार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें एवं ससमय अपने इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर एवं हस्ताक्षर कर अपने बीएलओ को यथाशीघ्र लौटाएं जिससे ससमय सभी इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन प्रक्रिया पूरी की जा सके। उन्होंने बताया कि अबतक राज्य में बीएलओ द्वारा 83.40प्रतिशत मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए है जिसमें आज के रिपोर्ट जारी करने तक 5336 ऐसे मतदान केंद्र है जहां 100प्रतिशत मतदाताओं को उनके बीएलओ की ओर से इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया की पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए इस बैठक में मतदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, यंग भोटर ईएलसी, चुनाव पाठशाला, बूथ अवेयरनेस ग्रुप के मेंबर एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट की सक्रिय सहभागिता अपेक्षित है। इस बैठक में कोई गैर भारतीय व्यक्ति शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कोई पात्र भारतीय नागरिक न छूटे और कोई अपात्र व्यक्ति न जुड़े।
