Ajay Raj
देवघर: स्थित सत्संग आश्रम ने समाज सेवा और मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए अरुणाचल प्रदेश में हालिया प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹1 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की है।
इस अवसर पर सत्संग आश्रम देवघर के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। शिवानंद प्रसाद के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को श्री श्री ठाकुरजी के जीवन-दर्शन एवं मानव सेवा के संदेश से अवगत कराया। साथ ही आश्रम द्वारा भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री ने सत्संग आश्रम परिवार की इस उदार पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा जैसी कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़कर जरूरतमंदों की सहायता करना भारतीय संस्कृति की सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सत्संग आश्रम का यह योगदान न केवल राहत कार्यों को मजबूती देगा, बल्कि समाज में परोपकार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रेरित करेगा। मुख्यमंत्री ने सत्संग आश्रम परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज कल्याण, मानवीय सेवा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति आश्रम की अटूट प्रतिबद्धता अनुकरणीय है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी आश्रम इसी प्रकार जनसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
