By Mustaffa
30-31 अक्टूबर को कांके में होगा दो दिवसीय महाधिवेशन
मेसरा/ओरमांझी (रांची): झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की केंद्रीय समिति की विस्तारित बैठक शुक्रवार को ओरमांझी स्थित मोगल मंगलम सभागार में संपन्न हुई। बैठक में समाज की शिक्षा,सुरक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा करते हुए आर-पार की जंग का ऐलान किया गया। केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहू ने कहा कि राज्य में करीब 40% आबादी होने के बावजूद वैश्य समाज की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चुनावी मौसम में सक्रिय होने वाले कागजी संगठनों पर निशाना साधते हुए कहा कि वैश्य मोर्चा पिछले 20 वर्षों के अनवरत संघर्ष से तपा हुआ संगठन है,जिसे तोड़ने की हर साजिश नाकाम होगी। मोर्चा के आगामी बड़े कार्यक्रम,9 अगस्त रामगढ़ से वैश्य क्रांति सम्मेलन के जरिए एकजुटता का शंखनाद। 17 अगस्त शहीद मणींद्रनाथ जयंती पर धनबाद सहित सभी जिलों में भव्य कार्यक्रम। 30-31 अक्टूबर कांके में दो दिवसीय तृतीय महाधिवेशन का आयोजन,जो राज्य की भावी राजनीतिक और सामाजिक दिशा तय करेगा। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर आगामी कार्यक्रमों को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की अपील की गई। इस अवसर पर प्रदेशभर से आए मुख्य पदाधिकारी,जिला अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
