मेसरा के पी.पी. ज्वेलर्स से 65 लाख की चोरी का खुलासा,जमशेदपुर से दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

​मनसा ज्वेलर्स से भारी मात्रा में चोरी के गहने बरामद,गिरोह के तीन सदस्य पहले ही जा चुके हैं जेल

​मेसरा: राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा चौक स्थित पी.पी. ज्वेलर्स में पिछले महीने हुई 65 लाख रुपये की भीषण चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है। अंतर-जिला गिरोह पर नकेल कसते हुए पुलिस ने जमशेदपुर के सुंदर नगर से तड़ीपार अपराधी अमित कुमार सिंह उर्फ सिंगारी और उसके सहयोगी रजनीश लाल को धर दबोचा। दोनों की निशानदेही पर मानगो स्थित मनसा ज्वेलर्स से भारी मात्रा में चोरी के चांदी के आभूषण और दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। ​वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी (सदर) संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। इस सफल टीम में डीएसपी सदर के अलावा मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास,बसंत कुमार,अभय कुमार और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। टीम ने जमशेदपुर के सुंदर नगर थाना पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को दबोचा। बीते 10 जून को अपराधियों ने दुकान से नकदी समेत लाखों के गहनों पर हाथ साफ किया था। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे रांची,जमशेदपुर,ओरमांझी और मेसरा क्षेत्र में लगातार जेवर दुकानों को निशाना बना रहे थे। मामले में शामिल गिरोह के तीन अन्य सदस्य (बाबू पिल्लै,दीपक कुमार सिंह उर्फ कल्लू सरदार और मो. अफरोज) को खूंटी जिले की तोरपा पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। ​पकड़े गए दोनों अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। अमित सिंगारी पर आर्म्स एक्ट और रजनीश लाल पर धोखाधड़ी के दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की इस मुस्तादी से राजधानी के आभूषण कारोबारियों ने राहत की सांस ली है।

Spread the love