By Mustaffa
भक्ति भजनों की धुन पर झूमे श्रद्धालु,सेवा कार्यों के लिए स्वयंसेवक हुए सम्मानित
मेसरा/ओरमांझी (रांची): गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग परिवार की ओर से ओरमांझी पंचायत भवन में भव्य सत्संग सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। भक्ति,संगीत और सेवा के इस अनोखे संगम में 50 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु महिमा का आनंद उठाया। सत्संग का शुभारंभ सुप्रसिद्ध गायक दीनदयाल जी के सुरीले भजनों से हुआ। उन्होंने भगवान शिव,गुरु परंपरा और माँ दुर्गा के भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। भजनों की इस रसमय प्रस्तुति में प्रकाश नायक,सुनील नायक और अब्दुल हसन ने विभिन्न वाद्ययंत्रों की संगति से कार्यक्रम को और भी दिव्य एवं आनंदमय बना दिया। इस अवसर पर संस्था के उन स्वयंसेवकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया,जिन्होंने समाज सेवा और लोक कल्याण के कार्यों में अपना सक्रिय योगदान दिया है। वक्ताओं ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल पूजा-अर्चना का दिन नहीं,बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी संकल्प दिवस है। सत्संग में मुख्य रूप से ओरमांझी के मुखिया दीपक बड़ाइक,आर्ट ऑफ लिविंग के शिक्षक सोनाराम महतो जी,निखिल राज,शंकर महतो,महेश्वरी जी,मुन्नी दी,उषा कुमारी,संजीव महतो समेत कई गणमान्य नागरिक,स्वयंसेवक एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन विश्व शांति की मंगल कामना और श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ।
