पंडरा में पशु तस्करी के शक में वाहन फूंका, पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया, दो प्राथमिकी दर्ज

360° Ek Sandesh Live


रांची। राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में रविवार की अहले सुबह पशु तस्करी की सूचना के बाद जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने पशुओं को ले जा रहे एक वाहन को पकड़ लिया था, तभी मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने वाहन से पशुओं को बाहर निकाला व देखते ही देखते वाहन में आग लगा दी। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। आगजनी में शामिल होने के संदेह में नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रांची के सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, रविवार तड़के पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ वाहनों में पशुओं को ले जाया जा रहा है व ये वाहन पंडरा इलाके से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई व एक संदिग्ध वाहन को रोककर पकड़ लिया। वाहन में कुछ गायों को लाद कर किसी अन्य स्थान पर ले जाया जा रहा था। इस पशु तस्करी मामले में पुलिस ने मौके पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसी दौरान वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचे लोगों ने वाहन में मौजूद गौ-वंशीय पशुओं को बाहर निकाला। इसके बाद भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने वाहन में आग लगा दी। आग लगते ही वाहन धू-धूकर जलने लगा। सूचना के बाद पुलिस ने स्थिति को संभाला व आगजनी में शामिल लोगों की पहचान शुरू की। घटना को लेकर पुलिस ने दो प्राथमिकी दर्ज की है। पहली प्राथमिकी गौ-वंशीय पशु तस्करी से संबंधित मामले में दर्ज की गई है, जबकि दूसरी प्राथमिकी वाहन में आग लगाने व आगजनी को लेकर दर्ज हुई है। पुलिस अब दोनों मामलों की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन में लाए जा रहे पशुओं को कहां से लाया गया था व उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वाहन में आग लगाने की घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे व उनकी भूमिका क्या थी। पुलिस ने आगजनी की घटना में शामिल होने के संदेह में नौ लोगों को हिरासत में लिया है।

Spread the love