झारखंड को मिला SGFI की 7 राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी

Ek Sandesh Live Sports

Eksandeshlive Desk

रांची: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 में आयोजित होने वाली 7 राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी का दायित्व झारखंड को सौंपा है। इन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में देशभर के विभिन्न राज्यों एवं संबद्ध इकाइयों सहित लगभग 42 इकाइयों के हजारों खिलाड़ी, प्रशिक्षक, तकनीकी पदाधिकारी एवं टीम प्रबंधक भाग लेंगे।

झारखंड को जिन खेलों की मेजबानी प्राप्त हुई है, उनमें फुटबॉल (अंडर-14 एवं अंडर-17 बालिका), साइक्लिंग (ट्रैक) (अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक एवं बालिका), वुशु (अंडर-19 बालक एवं बालिका), बास्केटबॉल (अंडर-19 बालिका), योगासन (अंडर-19 बालक एवं बालिका), ताइक्वांडो (अंडर-19 बालक एवं बालिका) तथा हॉकी (अंडर-17 बालक) शामिल हैं।

इन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की सात स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी झारखंड के लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों है। यह उपलब्धि राज्य की खेल अधोसंरचना, आयोजन क्षमता तथा स्कूली खेलों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। विभाग का प्रयास रहेगा कि सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप, पारदर्शी, सुरक्षित एवं सफल ढंग से किया जाए, ताकि देशभर से आने वाले खिलाड़ी झारखंड से उत्कृष्ट अनुभव लेकर लौटें। पिछले सत्र में झारखंड को 5 राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिला था। इस वर्ष 7 राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिलना राज्य की बढ़ती खेल क्षमता, उत्कृष्ट आयोजन दक्षता है। यह उपलब्धि झारखंड को देश के अग्रणी खेल आयोजक राज्यों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

Spread the love