मनरखन महतो बीएड कॉलेज में साइबर सुरक्षा एवं धोखाधड़ी पर कार्यशाला का आयोजन

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

मेसरा (​रांची): डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों से निपटने और ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 5 अगस्त को मनरखन महतो बीएड कॉलेज के बहुउद्देशीय सभागार में एक दिवसीय साइबर सुरक्षा और धोखाधड़ी जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के अध्यक्ष मनरखन महतो एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। कार्यशाला में एक्सिस बैंक लिमिटेड (बूटी मोड़ शाखा) के ब्रांच मैनेजर विपिन कुमार और असिस्टेंट मैनेजर गोल्डी कुमारी ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। उन्होंने पीपीटी और केस स्टडीज के माध्यम से विद्यार्थियों को फिशिंग,ओटीपी स्कैम,फर्जी लोन ऐप्स तथा लॉटरी व नौकरी के नाम पर होने वाले ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के गुर सिखाए। कॉलेज अध्यक्ष मनरखन महतो ने कहा कि तकनीकी लाभ उठाने के साथ-साथ इसके पीछे छिपे साइबर खतरों की गहरी समझ रखना अनिवार्य है। वहीं निदेशक मनोज कुमार महतो ने साइबर सुरक्षा को आज के समय की अनिवार्य आवश्यकता बताया। प्राचार्य डॉ दूधेश्वर महतो ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए विद्यार्थियों से इस जागरूकता को अपने परिवार,पड़ोसियों और विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचाने का आह्वान किया,ताकि एक सुरक्षित डिजिटल समाज का निर्माण हो सके। इस अवसर पर कॉलेज ट्रस्टी विरेन्द्रनाथ ओहदार,खुशबू सिंह,कृति काजल,प्रबंधक मुकेश कुमार,प्रशासिका मीना कुमारी,पूनम कुमारी सहित सभी प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Spread the love