तालाब में कमल का फूल तोड़ने उतरे दो बच्चों की डूबने से मौत

360°

Eksandeshlive Desk

गिरिडीह: पचम्बा उप नगर थाना क्षेत्र के रानीखावा में शुक्रवार की सुबह दो बच्चों की मौत तालाब में डूबने से हो गई। दोनों बच्चों में एक रानीखावा के रहने वाले शंकर रजक के पुत्र हार्दिक रजक और विष्णु रजक के पुत्र प्रेम रजक शामिल हैं। दोनों की उम्र लगभग 13 साल की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बच्चे शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे सड़क किनारे स्थित तालाब में कमल का फूल तोड़ने गए थे। इसी दौरान तालाब की गहराई अधिक होने के कारण दोनों बच्चे पानी में डूब गए।

बताया गया कि उनके साथ मौजूद एक बच्चे ने घटना की जानकारी गांव के लोगों को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तालाब में बच्चों की तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलने पर पचम्बा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे रानीखावा इलाके में मातम छा गया है।

Spread the love