बीआईटी मेसरा में अनियंत्रित वाहन ने महिला को रौंदा, मौत

Ek Sandesh Live Road Accident

एनएच पर बना जलजमाव भी हादसों का कारण

MUSTFA

​मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र स्थित श्रीराम फाइनेंस के पास बुधवार रात करीब 8 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। विकास बाजार से सब्जी बेचकर पैदल घर लौट रहीं 48 वर्षीय पाको देवी को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन सड़क पार करने के दौरान रौंदते हुए फरार हो गया। पुलिस जीप से अस्पताल ले जाने के क्रम में गंभीर रूप से घायल महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका मूल रूप से पतरातू (रामगढ़) की निवासी थीं और बीते 12 वर्षों से मेसरा में मजदूरी व सब्जी बेचकर परिवार चला रही थीं।

दुर्घटनास्थल पर नेशनल हाईवे के दोनों ओर भारी जलभराव की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय निवासियों के अनुसार,सड़क पर जमा पानी से बचकर निकलने की जद्दोजहद भी इस भीषण हादसे की एक बड़ी वजह बनी। जलजमाव के कारण पैदल चालकों और वाहन चालकों, दोनों के लिए विजिबिलिटी और नियंत्रण बनाए रखना बेहद जोखिम भरा हो गया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) अभय कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा करवाया और परिजनों (पति सुरेश महतो) को सूचित कर शव रिम्स मॉर्चरी में रखवाया। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार वाहन और चालक की तत्परता से तलाश कर रही है। 

Spread the love