हॉकी विश्व कप: सेमीफाइनल की राह में भारत के सामने नीदरलैंड्स की कड़ी चुनौती

Sports

Eksandeshlive Desk

एम्सटेलवीन: एफआईएच हॉकी विश्व कप बेल्जियम-नीदरलैंड्स 2026 के दूसरे चरण में भारतीय पुरुष और महिला टीमों के सामने ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड्स की कड़ी चुनौती होगी। दोनों भारतीय टीमों ने अपने-अपने पूल में दूसरा स्थान हासिल कर दूसरे चरण में जगह बनाई है। भारतीय महिला टीम शुक्रवार रात 9:30 बजे एम्सटेलवीन के वागेनर स्टेडियम में पूल ई के मुकाबले में मेजबान नीदरलैंड्स का सामना करेगी। भारत ने पहले चरण में दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से हराया, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा। इससे पहले चीन के खिलाफ भी भारत ने ड्रॉ खेला था। भारत और चीन के बीच ड्रॉ के कारण दोनों टीमों के खाते में एक-एक अंक है, जो दूसरे चरण में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। पूल ई और एफ की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। नीदरलैंड्स के बाद भारतीय महिला टीम 23 अगस्त को रात 10:30 बजे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी।

पुरुष टीम के सामने भी नीदरलैंड्स: भारतीय पुरुष टीम 22 अगस्त को शाम 7:30 बजे नीदरलैंड्स के खिलाफ दूसरे चरण का अपना पहला मुकाबला खेलेगी। इसके बाद 24 अगस्त को शाम 6:15 बजे अर्जेंटीना से भिड़ेगी। पुरुष टीम हालांकि दूसरे चरण में कोई अंक साथ लेकर नहीं जाएगी। पूल डी में इंग्लैंड ने भारत को 4-2 से हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया और वह एक अंक लेकर आगे बढ़ा है। भारत ने वेल्स को 3-1 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी और इसके बाद पाकिस्तान को 5-3 से हराकर पूल में दूसरा स्थान हासिल किया। नीदरलैंड्स पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीत चुका है। ऐसे में दोनों भारतीय टीमों के लिए मेजबान टीम के खिलाफ मुकाबला बेहद चुनौतीपूर्ण होगा। भारतीय महिला टीम ने अब तक आक्रमण और रक्षात्मक खेल के बीच अच्छा संतुलन दिखाया है, जबकि पुरुष टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत के साथ पहले चरण का समापन किया। अब दोनों टीमों को दूसरे चरण में नए सिरे से शुरुआत करनी होगी। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए नीदरलैंड्स के खिलाफ मजबूत शुरुआत भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी।

Spread the love