Eksandeshlive Desk
न्यूयॉर्क: कजाखस्तान की स्टार टेनिस खिलाड़ी एलेना राइबाकिना ने शुक्रवार को कड़े मुकाबले में घरेलू पसंदीदा कोको गॉफ को 3-6, 6-4, 6-4 से हराकर यूएस ओपन 2026 महिला एकल के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताबी मुकाबले में उनका सामना गत चैंपियन आर्यना सबालेंका से होगा। दूसरी वरीय राइबाकिना इस जीत के साथ यूएस ओपन के बाद दुनिया की नई नंबर एक खिलाड़ी बनना सुनिश्चित कर चुकी हैं। उन्होंने सबालेंका को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष रैंकिंग हासिल की है। हालांकि, अपना तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के लिए उन्हें फाइनल में सबालेंका की चुनौती से पार पाना होगा।
2006 के बाद पहली बार कोई अमेरिकी खिलाड़ी साल के किसी भी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में नहीं: राइबाकिना ने मैच के बाद कहा, “मुझे पहले सेट में लगा कि यह बहुत अच्छी शुरुआत थी और सिर्फ एक ब्रेक का अंतर था, लेकिन निश्चित रूप से दबाव था। कोको शानदार खिलाड़ी हैं और उनके खिलाफ खेलना हमेशा मुश्किल होता है। रैलियों को नियंत्रित करना बहुत कठिन होता है। मैंने बस गहरी सांस ली और खुद से सकारात्मक बातें कीं, ताकि अच्छा टेनिस खेलने की कोशिश कर सकूं।” गॉफ ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और कजाख खिलाड़ी पर दबाव बनाए रखा। छठे गेम में उन्होंने राइबाकिना की सर्विस तोड़कर बढ़त हासिल कर ली और पहला सेट 6-3 से अपने नाम किया। दूसरे सेट में गॉफ का स्तर थोड़ा गिरा और उनकी कुछ गलतियों का राइबाकिना ने फायदा उठाया। राइबाकिना ने लगातार दबाव बनाते हुए सेट 6-4 से जीत लिया और मुकाबले को निर्णायक सेट में पहुंचा दिया। निर्णायक सेट में राइबाकिना ने एक अतिरिक्त गियर हासिल किया और सर्विस ब्रेक करके 5-3 की बढ़त बना ली। गॉफ ने तुरंत वापसी करते हुए उनकी सर्विस तोड़ी, लेकिन राइबाकिना ने अगले गेम में फिर ब्रेक हासिल किया और अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए मैच अपने नाम कर लिया। गॉफ की हार के साथ इस साल किसी भी अमेरिकी महिला या पुरुष खिलाड़ी के ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने का सिलसिला भी समाप्त हो गया। यह 2006 के बाद पहली बार है, जब किसी अमेरिकी खिलाड़ी ने साल के किसी भी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में जगह नहीं बनाई है।
सबालेंका ने पेगुला को सीधे सेटों में हराया, लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचीं: शीर्ष वरीय बेलारूस की आर्यना सबालेंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जेसिका पेगुला को सीधे सेटों में हराकर यूएस ओपन के फाइनल में प्रवेश कर लिया। सबालेंका ने आर्थर ऐश स्टेडियम में गुरुवार को तीसरी वरीय पेगुला को 7-5, 6-2 से शिकस्त दी और लगातार चौथे वर्ष खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। सबालेंका इस जीत के साथ लगातार तीसरी बार यूएस ओपन खिताब जीतने की अपनी उम्मीदों को भी बरकरार रखने में सफल रहीं। हालांकि, खिताब जीतने की स्थिति में भी वह दुनिया की नंबर एक रैंकिंग बरकरार नहीं रख पाएंगी और उनकी जगह एलेना राइबाकिना शीर्ष स्थान हासिल करेंगी। 28 वर्षीय सबालेंका ने मुकाबले में सात ऐस समेत 29 विनर्स लगाए। उनकी ताकतवर ग्राउंडस्ट्रोक्स के सामने पेगुला लगातार दबाव में रहीं। सबालेंका अब शनिवार को होने वाले फाइनल में दूसरी वरीय राइबाकिना और चौथी वरीय कोको गॉफ के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से भिड़ेंगी।
सबालेंका लगातार तीन यूएस ओपन खिताब जीतने के करीब: सबालेंका ने जीत के बाद कहा, “मैं बेहद खुश हूं कि मैं इस तरह का टेनिस खेल सकी। मैं जीत के लिए बेताब थी। मैं इसे बहुत बुरी तरह जीतना चाहती थी।” पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार सर्विस की और मुकाबला बेहद कड़ा रहा। सबालेंका पेगुला की सर्विस के खिलाफ ज्यादा मौके नहीं बना पा रही थीं और उनकी निराशा भी नजर आई। हालांकि, उन्होंने अपना ध्यान बनाए रखा। 5-6 के स्कोर पर सर्विस कर रहीं पेगुला 0-40 से पिछड़ गईं। उन्होंने एक सेट प्वाइंट बचाया, लेकिन अगला मौका नहीं बचा सकीं। सबालेंका ने जोरदार सर्विस रिटर्न से अंक पर नियंत्रण बनाया और पेगुला के फोरहैंड नेट में जाने के साथ पहला सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में सबालेंका ने पेगुला की कमजोर दूसरी सर्विस को निशाना बनाया। उन्होंने 3-1 की बढ़त हासिल करने के लिए ब्रेक लिया और इसके बाद लगातार दबाव बनाए रखा। मैच प्वाइंट पर जोरदार फोरहैंड के साथ एक और ब्रेक हासिल कर उन्होंने मुकाबला अपने नाम कर लिया। पेगुला के लिए यह एक और ग्रैंड स्लैम निराशा रही। वह 2024 के यूएस ओपन फाइनल में भी सबालेंका से हार गई थीं, जो उनके करियर का अब तक का एकमात्र ग्रैंड स्लैम फाइनल था। पिछले वर्ष भी वह सेमीफाइनल में सबालेंका से ही हारकर बाहर हुई थीं। सबालेंका ने मार्च में इंडियन वेल्स और मियामी में लगातार खिताब जीतने के बाद गर्मियों में अपेक्षाकृत धीमा प्रदर्शन किया है। इसी दौरान राइबाकिना को अक्टूबर 2024 से चली आ रही सबालेंका की नंबर एक रैंकिंग की बादशाहत खत्म करने का मौका मिला। सबालेंका अब क्रिस एवर्ट और सेरेना विलियम्स के बाद लगातार तीन यूएस ओपन खिताब जीतने वाली केवल तीसरी महिला खिलाड़ी बनने से एक जीत दूर हैं।
