Eksandeshlive Desk
मोक्वी (चीन): गत चैंपियन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 3-1 से हराकर एएचएफ जूनियर पुरुष एशिया कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत अब लगातार चौथी बार खिताब जीतने से सिर्फ एक जीत दूर है। भारत की जीत में कप्तान और ड्रैग फ्लिकर अनमोल एक्का ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल किए और टूर्नामेंट में अपने गोलों की संख्या 16 तक पहुंचा दी। अनमोल फिलहाल टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर हैं। गोलकीपर विवेक लाकड़ा भी भारत की जीत के नायक रहे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कई शानदार बचाव किए और 53वें मिनट में मलेशिया को मिले पेनल्टी स्ट्रोक को भी बेहतरीन अंदाज में रोककर भारत की बढ़त कायम रखी।
भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। अजीत यादव ने शुरुआती दो मिनट में दो बार गोल करने के मौके बनाए। भारत को पहले क्वार्टर में तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन मलेशियाई गोलकीपर अम्स्यार मोहामद आदिब ने शानदार बचाव करते हुए टीम को संकट से बाहर रखा। पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। भारत ने 16वें मिनट में मिले चौथे पेनल्टी कॉर्नर पर खाता खोला। कप्तान अनमोल एक्का ने जोरदार और नीची ड्रैग फ्लिक लगाकर गेंद को गोल में पहुंचाया और भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। मलेशिया ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन विवेक लाकड़ा और भारतीय रक्षापंक्ति ने लगातार उसके हमलों को नाकाम किया। तीसरे क्वार्टर में लाकड़ा ने शानदार डबल सेव किया। इस दौरान भारत को दो बार 10 खिलाड़ियों के साथ भी खेलना पड़ा, लेकिन मलेशिया इसका फायदा नहीं उठा सका। चौथे क्वार्टर में भारत ने अपनी बढ़त मजबूत की। 51वें मिनट में सुखविंदर ने शानदार मूव को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके दो मिनट बाद लाकड़ा ने पेनल्टी स्ट्रोक रोककर मलेशिया को वापसी का मौका नहीं दिया।
54वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। मलेशिया ने वीडियो रेफरल लिया, लेकिन रेफरल गंवा दिया और पेनल्टी कॉर्नर बरकरार रहा। अनमोल ने एक बार फिर शानदार ड्रैग फ्लिक लगाकर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। अंतिम मिनटों में मलेशिया ने लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन लाकड़ा और भारतीय डिफेंस ने मजबूती से मुकाबला किया। 58वें मिनट में लाकड़ा ने एक और शानदार डाइव लगाकर गोल बचाया। हालांकि, मैच खत्म होने से 24 सेकंड पहले मलेशिया को आठवां पेनल्टी कॉर्नर मिला और एम राहुल ने गोल कर स्कोर 1-3 कर दिया। इसके बाद भारत ने कोई गलती नहीं की और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। चार बार की लगातार चैंपियन बनने की कोशिश कर रही भारतीय टीम का फाइनल में सामना पाकिस्तान और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। भारत अब तक छह बार एएचएफ जूनियर एशिया कप का खिताब जीत चुका है।
