अतिक्रमण के विरुद्ध रांची नगर निगम की कार्रवाई, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास यातायात सुगम बनाने पर जोर

360°

Eksandeshlive Desk

रांची: नगर निगम द्वारा शहर के मार्गों, फुटपाथों, सरकारी भूमि एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को निगम की इंफोर्समेंट टीम द्वारा रांची वूमेंस कॉलेज, साइंस ब्लॉक मार्ग, परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक एवं वार्ड संख्या-06 के बांधगाड़ी क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया गया। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास अनावश्यक अतिक्रमण के कारण सड़क एवं फुटपाथ का उपयोग प्रभावित होने के साथ-साथ यातायात पर भी दबाव बढ़ता है, जिससे विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है।

इसे देखते हुए रांची वूमेंस कॉलेज एवं साइंस ब्लॉक मार्ग में अभियान चलाकर कुल 15 अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान चार काउंटर, दो टीन की दुकानें एवं अन्य सामग्री जब्त की गई। अतिक्रमण हटने से मार्ग पर आवागमन सुगम बना तथा अनावश्यक जाम एवं भीड़ की स्थिति में कमी आई है। इसी क्रम में परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक के निकट शास्त्री मार्केट में दुकानों के आगे सड़क/सार्वजनिक स्थान पर बनाए गए दो बड़े काउंटरों को ध्वस्त कर जब्त किया गया। वहीं वार्ड संख्या-06 के बांधगाड़ी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर चिन्हित दो स्थायी दुकानों तथा एक मकान के छज्जे को हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। रांची नगर निगम का उद्देश्य शहर के सार्वजनिक स्थानों, फुटपाथों एवं सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखते हुए नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करना है। निगम द्वारा नागरिकों एवं व्यवसायियों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक मार्ग, फुटपाथ एवं सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा शहर की यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुविधा बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। भविष्य में भी अतिक्रमण एवं नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

Spread the love