AMIT RANJAN
कोलेबिरा: एसके बागे महाविद्यालय, कोलेबिरा में शुक्रवार को बीए एवं बीकॉम प्रथम बैच (2026-30) के विद्यार्थियों के लिए भव्य स्वागत सह ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गान के साथ हुई। एनसीसी कैडेट्स ने नव नामांकित विद्यार्थियों का पुष्प देकर स्वागत किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन सीखने, प्रतिभा निखारने और स्वयं को पहचानने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इतिहास विभाग के प्रो. डॉ. सुचित कुमार सिन्हा ने शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, चरित्र निर्माण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं IQAC कोऑर्डिनेटर प्रो. संजय प्रसाद ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध संसाधनों एवं सुविधाओं की जानकारी दी तथा स्नातक स्तर पर संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के दौरान नए विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने शिक्षकों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना। इस अवसर पर प्रो. स्नेहलता सिन्हा, प्रो. सुषमा बेला लकड़ा, दीपक हेंब्रम, खुशबू कुमारी साहू, एनसीसी के त्रिलोचन मिश्रा सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
