टीम राधा ने महज तीन मिनट में फोड़ी मटकी, लड़कों को लगा एक घंटे से अधिक समय
Eksandeshlive Desk
रांची: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम), रांची में भक्ति के साथ भारतीय पाक-कला के रंग भी दिखे। विद्यार्थियों और विशेषज्ञ शेफ ने 56 तरह के व्यंजन तैयार कर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाया। वहीं, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में छात्राओं की टीम ‘राधा’ ने लड़कों को मात देकर बाजी मार ली। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में सजे विद्यार्थियों ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग अर्पित किया गया। खास बात यह रही कि भोग में देश के अलग-अलग हिस्सों की पारंपरिक मिठाइयों के साथ आधुनिक पाक-कला की झलक भी दिखी। व्यंजन संस्थान के विशेषज्ञ शेफ के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने तैयार किए।
56 भोग में मड़ुआ लड्डू से कुनाफा तक
56 भोग में कोकोनट लड्डू, मखाना कोकोनट बर्फी, गुलाब जामुन, छेना पोड़ा, मेवा पाक, काला जामुन, चूरमा, लेंचा, मिष्टी दोई, रबड़ी, राइस खीर, साबूदाना खीर, गाजर हलवा, बेसन लड्डू, बेसन बर्फी, लौंग लतिका, गुजिया, चंद्रकला, चिरोटी, शकरपारा, पंचामृत रसमलाई, चॉकलेट रसगुल्ला, लेमन कर्ड, पान टॉफी, कैरामेलाइज्ड बादाम, क्रैनबेरी कॉम्पोट, मलाई मिश्री, चॉकलेट कोटेड श्रीखंड, चॉकलेट कोकोनट लड्डू और कुनाफा शामिल थे। इसके अलावा सेवई, कलाकंद, रसगुल्ला, परवल मिठाई, कच्चा गोला, संदेश, केसर संदेश, मखाना खीर, सूजी हलवा, खाजा, माखन मिश्री, डबल मीठा, शाही टुकड़ा, रसमलाई, श्रीखंड, बूंदी लड्डू, बादाम रोल, काजू कतली, फ्रूट कस्टर्ड, ब्रेड कस्टर्ड, मूंग दाल हलवा, खुरमा, फिरनी, जलेबी, मड़ुआ लड्डू और मैसूर पाक का भी भोग लगाया गया।
लड़कियों ने तीन मिनट में फोड़ी मटकी
मटकी फोड़ प्रतियोगिता में चार टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें तीन लड़कों और एक लड़कियों की टीम थी। लड़कियों की ‘टीम राधा’ ने महज तीन मिनट में मटकी फोड़ दी। वहीं, लड़कों की टीमों को इसमें एक घंटे से अधिक समय लगा। टीम राधा की जीत कार्यक्रम का खास आकर्षण रही।
संस्कृति और पाक-कला से जुड़ें विद्यार्थी : डॉ भूपेश कुमार
आईएचएम के प्राचार्य डॉ. भूपेश कुमार ने कहा कि जन्माष्टमी हमारी संस्कृति, परंपरा, भक्ति और सामूहिक सहभागिता का पर्व है। 56 भोग के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और पाक-कला की विविधता से जोड़ने का प्रयास किया गया है। विद्यार्थियों और विशेषज्ञ शेफ ने श्रद्धा और रचनात्मकता के साथ व्यंजन तैयार किए। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा देने के साथ गौरवशाली भारतीय पाक-परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना भी है। उन्होंने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता की कामना की।
