Eksandeshlive Desk
पश्चिमी सिंहभूम: जिले के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से चली आ रही मांग शनिवार को पूरी हो गई। टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर स्टेशन पर नियमित ठहराव शुरू हो गया। ट्रेन के पहली बार स्टेशन पर रुकने के अवसर पर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का भव्य स्वागत किया गया। हालांकि, इस उपलब्धि का श्रेय लेने को लेकर भाजपा और झामुमो नेताओं के बीच होड़ भी नजर आई। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई के साथ झामुमो सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी समेत दोनों दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ट्रेन के मनोहरपुर पहुंचने पर सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के प्रतिनिधि जेबी तुबिद, चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया सहित जनप्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों ने उसका स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया। सांसद जोबा माझी ने कहा कि एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग के पूरा होने का परिणाम है। उन्होंने इसे मनोहरपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने मनोहरपुर रेलवे फाटक पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए रेल ओवरब्रिज निर्माण की मांग भी उठाई। विधायक जगत माझी ने कहा कि कोविड से पहले की रेल सुविधाओं को बहाल कराने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सारंडा सवारी गाड़ी का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की। भाजपा नेता जेबी तुबिद ने कहा कि रेलवे लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में मनोहरपुर को अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की सुविधा भी मिल सकती है। मौके पर सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, डीएसपी डेविड ए. दोदराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और रेल अधिकारी मौजूद रहे।
