अपहृत मुंशी का शव जंगल से बरामद, हत्यारों की खोज में जुटी पुलिस

Crime

Eksandeshlive Desk

गिरिडीह: जिले के तिसरी थाना क्षेत्र से अपहत एचएन कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंगेश कुमार का शव पुलिस ने मंगलवार की सुबह बिहार के जमुई जिले के चर्कापत्थर थाना क्षेत्र स्थित घने जंगलों से बरामद किया है। मृतक मंगेश कुमार मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे और गिरिडीह के तिसरी इलाके में कंस्ट्रक्शन कंपनी में बतौर मुंशी काम संभाल रहे थे। पिछल सप्ताह पहले खटपोक के कर्णपुरा मोड़ के पास से अज्ञात बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया था, जिसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। बताया गया कि एसपी डाॅ विमल कुमार के निर्देश पर अपहरण की घटना के खुलासे के लिए गिरिडीह के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई थी। तिसरी थाना पुलिस और जमुई पुलिस ने मिलकर चर्कापत्थर थाना क्षेत्र के बीहड़ जंगलों में एक बड़ा संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया।

पुलिस ने पहले इस मामले से जुड़े एक आरोपी को दबोचा और फिर उसकी ही निशानदेही पर टीम सीधे जंगल के उस सुनसान इलाके में पहुंची, जहां मंगेश का शव लावारिस हालत में पड़ा था। पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपित से मिली जानकारी के आधार पर चार अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है। फिलहाल सभी पांचों लोगों को गोपनीय जगह पर रखकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी और स्थानीय चर्चा के अनुसार, इलाके के कुछ दबंग मंगेश कुमार पर कंस्ट्रक्शन साइट के लिए बालू गिराने का ठेका या ऑर्डर देने का लगातार दबाव बना रहे थे। मंगेश ने ऐसा करने से साफ मना कर दिया था, जिसे लेकर विवाद काफी बढ़ गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते उनका अपहरण कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस बाबत एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मुंशी का शव बरामद कर लिया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों से अहम सुराग हाथ लगे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें हर एक तकनीकी और जमीनी पहलू की गहनता से जांच कर रही हैं। बहुत जल्द पूरे घटनाक्रम, हत्या की सही वजह और इसमें शामिल सभी चेहरों को बेनकाब कर दिया जाएगा।

Spread the love