ईरान का होर्मुज में अमेरिकी ‘सेलड्रोन’ जहाज पर हमला, हूती के मोचा पर कब्जे से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद चिंतित

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

तेहरान/वाशिंगटन: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) का कहना है कि उसकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका के “सेलड्रोन टाइप” के बिना चालक वाले जहाज पर हमला उसके इरादों को विफल कर दिया। इस बीच ईरान के प्रबल समर्थक यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के अहम शहर मोचा पर कब्जा कर लिया है। हूती के इस कदम से चिंतित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यमन में एक बैठक की है। अल जजीरा और सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर का कहना है कि उसे ओमान के तट के पास दो जहाजों पर प्रोजेक्टाइल (मिसाइल या रॉकेट जैसे हथियार) लगने की सूचना मिली है। उधर, यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के अहम शहर मोचा पर कब्जा कर लिया है। इसके साथ ही हूती ने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक मार्गों में से एक रणनीतिक रूप से अहम बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण बढ़ा लिया है।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इस कब्जे के आलोक में यमन में एक बैठक की है। संयुक्त राष्ट्र में यमन सरकार के प्रतिनिधि ने कहा कि क्षेत्र में पड़ोसी देशों और नागरिकों के खिलाफ “हूती आतंकवादी” समूह की आक्रामकता बढ़ गई है। सऊदी अरब के संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधि, अब्दुल अजीज अल-वासिल ने कहा कि उनका देश हूती के हमलों को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय कर अपनी सुरक्षा की रक्षा करेगा। पाकिस्तान के संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधि ने कहा कि यमन में बढ़ते संघर्ष के व्यापक क्षेत्र के लिए संभावित रूप से दूरगामी परिणाम होंगे। उन्होंने त्वरित राजनयिक समाधान का आग्रह किया। इसके बाद ईरान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया। उसने कहा कि यमन को “दबाव, डराने-धमकाने और बेरहम घेराबंदी से मुक्त होकर सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार है। दुनिया को उसकी राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का पूरा सम्मान करना चाहिए। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम में प्रसारित मंत्रालय के बयान में कहा गया कि लगातार घेराबंदी और सैन्य मदद से यमन से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होगा। मंत्रालय ने यह भी कहा कि ईरान, यमन के हालात के संबंध में कूटनीतिक प्रयास करने के लिए तैयार है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि ईरान मध्यावधि चुनाव को प्रभावित करने के लिए बेताब है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मध्यावधि चुनाव के बाद तुरंत बाद संघर्ष खत्म हो जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “मुझे लगता है कि चुनाव के तुरंत बाद युद्ध खत्म हो जाएगा, क्योंकि वे अब और ज्यादा समय तक टिक नहीं सकते।”

Spread the love