प्रतापपुर में चोरी की बढ़ती वारदातों से दहशत

360° Ek Sandesh Live

प्रतापपुर/चतरा। प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले करीब दो माह के दौरान क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को चोर निशाना बना चुके हैं। लगातार हो रही वारदातों के बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने और पूर्व की घटनाओं का खुलासा नहीं होने से लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। ताजा मामला गुरुवार की रात प्रखंड मुख्यालय स्थित राजा गढ़ के समीप का है। यहां संजीत कुमार के घर को चोरों ने निशाना बनाया। भुक्तभोगी के अनुसार, चोर घर से पायल, मांगटीका, कान की बाली, अंगूठी, मंगलसूत्र समेत कई अन्य जेवरात और करीब 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। संजीत कुमार ने चोरी हुए जेवरात समेत नकदी की कुल कीमत करीब चार से पांच लाख रुपये बताई है। भुक्तभोगी का आरोप है कि घटना के संबंध में प्रतापपुर थाना में लिखित आवेदन देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय केवल सनहा दर्ज कर मामले को छोड़ दिया गया। इससे पीड़ित परिवार में नाराजगी है। हालांकि, मामले में पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है। इधर, गुरुवार की घटना की चर्चा थमी भी नहीं थी कि शुक्रवार की देर रात चोरों ने प्रखंड कार्यालय और थाना से महज करीब 100 से 150 कदम की दूरी पर स्थित कस्तूरबा विद्यालय के सामने एक किराना दुकान को निशाना बना लिया। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी नकदी के साथ बड़ी मात्रा में किराना सामान चोरी कर लिया। दुकानदार जितेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों की बिक्री से करीब 3,500 से 3,600 रुपये गल्ले में रखे थे, जिसे चोर ले गए। इसके अलावा दुकान से रिफाइन तेल, सरसों तेल, साबुन, सर्फ सहित अन्य सामान भी चोरी होने की बात कही गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रतापपुर क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें बीएसएनएल कार्यालय, सुमित कुमार के सीएसपी सेंटर, छोटू होटल, किशोरी होटल, कसमार स्थित विपिन कुमार के घर, बधार में गजेंद्र कुमार की पीडीएस दुकान, करमाचक तथा सोनवर्षा में उपेंद्र यादव के यहां हुई चोरी की घटनाएं शामिल हैं। लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने अब लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चोरों के गिरोह का पता लगाकर कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच करने तथा पूर्व में दर्ज मामलों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई होने से ही आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम हो सकेगा।

Spread the love