Ashutosh Jha
काठमांडू: बीरगंजवासियों की सुख, शांति, समृद्धि तथा नागरिकों के जीवन की रक्षा की कामना को लेकर सनातन हिंदू मोर्चा बीरगंज महानगर समिति की ओर से ऐतिहासिक शक्तिपीठ श्री गहवा माई मंदिर में सामूहिक पूजा-पाठ किया गया। कार्यक्रम के अवसर पर बीरगंज महानगरपालिका के सभी 32 वार्डों में संगठन विस्तार तथा धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से वार्ड प्रभारी भी नियुक्त किए गए।
सनातन हिंदू मोर्चा बीरगंज महानगर समिति के अध्यक्ष आनन्द गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित पूजा-पाठ कार्यक्रम में मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष संतोषानन्द महाराज, केंद्रीय उपाध्यक्ष सुवास शाही, केंद्रीय कोषाध्यक्ष एवं अधिवक्ता बिनोद प्रसाद कुर्मी, केंद्रीय सदस्य भूपेन्द्र पौडेल एवं योगेन्द्र प्रसाद कलवार, पर्सा जिला उपाध्यक्ष अंशु कुमार प्रजापति, महामंत्री प्रमोद शर्मा, वीरगंज महानगर समिति के मंत्री दीपक साह, कोषाध्यक्ष राजु साह तेली, नगर सदस्य सुमित प्रजापति, हिंदूवादी अगुवा अरविन्द साह सहित श्री गहवा माई मंदिर के पुजारीगण की सहभागिता रही।
महानगरपालिका के 32 वार्डों में विभिन्न पदाधिकारियों को सनातन हिंदू मोर्चा के द्वारा नियुक्त किया गया है। सनातन हिंदू मोर्चा के अनुसार संगठन का मूल उद्देश्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के माध्यम से नेपाली समाज को जोड़ना तथा हिमाल, पहाड़, तराई और मधेस को समेटते हुए एक समावेशी परिवार का निर्माण करना है। मोर्चा ने राष्ट्र, सनातन धर्म और समृद्धि के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित होकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। मोर्चा ने यह भी कहा है कि उसके उद्देश्य के अनुरूप धार्मिक, सामाजिक एवं राष्ट्रहित में कार्य करने वाले विभिन्न समूहों, संस्थाओं और अभियानों को आवश्यक सहयोग, समर्थन और साथ प्रदान किया जाएगा।
