ओरमांझी में 500 नाम हटाने की साजिश पर बवाल,ग्रामीणों ने बीडीओ दफ्तर का घेराव कर सीएम से की हस्तक्षेप की मांग

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

मेसरा/​ओरमांझी (रांची): विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के दौरान ओरमांझी प्रखंड की कूट्टे पंचायत में एक विशेष समुदाय के लगभग 500 योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से बाहर करने की गहरी साजिश का आरोप सामने आया है। असामाजिक तत्वों द्वारा थोक में फॉर्म-7 भरकर पात्र नागरिकों के नाम खारिज कराने का प्रयास किया गया,जिससे ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। ​पूर्व उप प्रमुख मुंतजिर अहमद रजा के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और कार्यालय का घेराव किया। मुंतजिर अहमद रजा ने कहा,यह लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों पर सीधा हमला है। यदि निष्पक्ष जांच कर साजिशकर्ताओं पर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई,तो हम शांत नहीं बैठेंगे और उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। ​ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव आयोग के नियमों का दुरुपयोग कर षड्यंत्र के तहत धर्म विशेष और सेकुलर मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने आश्वस्त किया कि थोक में आपत्ति दर्ज कराना प्रथम दृष्टया संदेहास्पद है। पारदर्शी जांच कर किसी भी योग्य मतदाता का नाम हटने नहीं दिया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने हेतु उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया जाएगा। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की अपील की है। मौके पर मुख्य रूप से पूर्व उप प्रमुख मुंतजिर अहमद रजा,पंसस अमीर हमजा अंसारी,खुर्शीद आलम,सदर मो.रकीब,सेक्रेट्री खुर्शीद अंसारी,जमशेद काजमी,शेख अनवर,मो. सुहैल,मंसूर आलम,हकीम खान,मो.आलम,अहद आलम,पप्पू खान और इकरार अहमद सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। 

Spread the love