ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रन से हराया, शम्स मुलानी ने झटके सात विकेट
Ranjeet Kumar
पुडुचेरी: झारखंड के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र के शानदार शतक और शम्स मुलानी की प्रभावी गेंदबाजी की बदौलत इंडिया ए ने पहले अनौपचारिक टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रन से हरा दिया। दोनों पारियों में उपयोगी योगदान देने वाले कुशाग्र को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ इंडिया ए ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए की शुरुआत खराब रही और टीम ने 97 रन तक पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद कुमार कुशाग्र और तनुष कोटियान ने छठे विकेट के लिए 138 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। कुशाग्र ने 113 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कोटियान ने 69 रन बनाए। साई सुदर्शन ने भी 57 रन का योगदान दिया और इंडिया ए ने पहली पारी में 334 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ए की ओर से कोरी रोचिचियोली ने चार और टॉड मर्फी ने तीन विकेट लिए।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ए की पहली पारी केवल 171 रन पर सिमट गई। जेसन संघा ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। इंडिया ए के लिए शम्स मुलानी ने 67 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि तनुष कोटियान ने दो बल्लेबाजों को आउट किया। इंडिया ए को पहली पारी के आधार पर 163 रन की मजबूत बढ़त मिली। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने वापसी करते हुए इंडिया ए को 199 रन पर समेट दिया। देवदत्त पडिक्कल ने 59 रन बनाए, जबकि पहली पारी के शतकवीर कुशाग्र ने एक बार फिर जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 46 रन जोड़े। टॉड मर्फी ने चार और ब्रेंडन डॉगेट ने दो विकेट लिए। कुशाग्र की नाबाद पारी से ऑस्ट्रेलिया ए को जीत के लिए 363 रन का मुश्किल लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए की टीम 200 रन पर सिमट गई। फर्गस ओ’नील ने 47 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन दूसरे छोर से नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। तुषार देशपांडे ने केवल 14 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि मुलानी ने 57 रन देकर तीन विकेट लिए। इंडिया ए ने मैच 162 रन से अपने नाम कर लिया। कुशाग्र ने मैच की दोनों पारियों में कुल 159 रन बनाए। पहली पारी में संकट के समय शतक और दूसरी पारी में नाबाद 46 रन की उनकी पारी मैच का निर्णायक अंतर साबित हुई। ऑस्ट्रेलिया ए जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यह प्रदर्शन राष्ट्रीय टीम के लिए उनकी दावेदारी मजबूत करने के साथ झारखंड क्रिकेट के लिए भी बड़ी उपलब्धि है।
