Eksandeshlive Desk
रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड प्रदेश इकाई ने शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती मनाई। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यालय और पंडित दीनदयाल नगर स्थित उनकी प्रतिमा पर पार्टी नेताओं ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों को याद किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं दीनदयाल नगर स्थित प्रतिमा पर आदित्य साहू और बाबूलाल मरांडी समेत अन्य नेताओं ने माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय समाज के गरीब, पिछड़े और वंचित वर्ग के लिए हमेशा समर्पित रहे। वे हमेशा विकास के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के विकास और उन्नति के लिए प्रयासरत रहे। हम सब को आज खुशी है कि आज देश की बागडोर नरेन्द्र मोदी जैसे एक ऐसी शख्सियत के हाथों में है जो उनके विचारों को साकार कर रहे हैं और उन्हें धरातल पर उतार रहे हैं।
आदित्य साहू ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री आज गरीबों के आंसू को पोंछने का काम कर रहे हैं। आज उनकी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ विकास के अंतिम पायदान पर बैठे गरीब, शोषित वंचित वर्ग के लोगों तक पहुंच रहा है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम के आदर्शों एवं उच्च नैतिक मूल्यों का हमेशा पालन करने वाले व्यक्ति दीनदयाल उपाध्याय जी का सम्पूर्ण जीवन त्याग, तपस्या और सेवा भाव से भरा रहा। वे अंत्योदय के प्रणेता, वसुधैव कुटुम्बकम तथा एकात्म मानववाद का मंत्र देने वाले एक महान विचारक थे। उनके समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान का संकल्प हमें जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के पथ पर सदैव प्रेरित करता रहेगा। संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय दृढ़ इच्छाशक्ति वाले व्यक्ति थे। बचपन में ही माता-पिता का साया सिर से उठ जाने के बावजूद वे कभी रुके नहीं, थके नहीं और अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति का लोहा पूरे देश को मनवाया। 1937 में वे संघ से जुड़कर अपने जीवन को माँ भारती के चरणों में समर्पित कर दिया। राष्ट्रधर्म और पांचजन्य जैसी पत्रिका की शुरुआत कर लोगों में राष्ट्रभक्ति का अलख जगाया। वे हमेशा जातिवाद की संकुचित मानसिकता से परे रहे। ऐसे महापुरुष की आज जयंती है और आज के दिन उनके दिखाए रास्ते पर चलकर ही हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते है। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, अमर कुमार बाउरी, रांची विधायक सीपी सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, अमरदीप यादव, सुनीता सिंह, शालिनी बैसिखियार, कार्यालय मंत्री हेमन्त दास, मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, उपमेयर नीरज कुमार, वरुण साहू, सुनील साहू, निशि जायसवाल, अमरनाथ चौधरी, राजेन्द्र शाही मुंडा, रोमित नारायण, राकेश चौधरी सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
