श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में डांडिया-गरबा की धूम, भक्ति गीतों पर जमकर झूमीं महिलाएं

360°

Ranchi : नवरात्रि के पावन अवसर पर एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट एवं नृत्य श्री डांस स्टूडियो के संयुक्त तत्वावधान में रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में संगीतमय डांडिया एवं गरबा नृत्य कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय संगीत, पारंपरिक नृत्य और उत्साह के रंगों से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने डांडिया और गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। डांस मास्टर श्रीराम सोनी एवं नृत्य श्री डांस स्टूडियो की निर्देशिका पिंकी सिंह के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने पारंपरिक नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधानों, डांडिया की खनक और गरबा की मनमोहक लय ने पूरे वातावरण को उत्सव मय बना दिया। डीजे पर बजते गरबा गीतों और नवरात्रि के लोकप्रिय संगीतमय गीतों की धुन पर महिलाएं एवं अन्य प्रतिभागी देर तक झूमते नजर आए। संगीत की लय पर डांडिया की ताल मिलाते प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। भजन, भक्तिमय संगीत और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्री राधा-कृष्ण की मनमोहक सजावट के साथ श्री राधारानी को आकर्षक आभूषणों से सुसज्जित किया गया। मंदिर की दिव्य छटा और भक्तिमय वातावरण ने आयोजन की सुंदरता को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं ने भक्ति, संगीत और नृत्य के इस अनूठे संगम का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, विजय अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया,अरविंद अग्रवाल, दीपेश निराला, पवन पोद्दार, प्रवीण राजगढ़िया, राजेश कयाल, पुजारी अरविंद पांडे,ज्ञान शर्मा,संजय गोयल, शारदा पोद्दार ललित पोद्दार रेखा पोद्दार, सुनीता अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, संतोष देवी अग्रवाल, सरोज पोद्दार, सहित सैकड़ों महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित थे। उक्त जानकारी ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Spread the love