रांची। रांची पुलिस ने दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस ने फिरायालाल चौक से मेन रोड होते हुए सुजाता चौक तक फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया व जवानों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। फ्लैग मार्च के दौरान पूजा पंडालों, संवेदनशील इलाकों व विसर्जन जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा ड्रोन की मदद से महत्वपूर्ण व संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने जवानों को मुस्तैदी से काम करने व किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक, यातायात पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, एडीएम लॉ एंड आॅर्डर, रांची के अनुमंडल पदाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) व पुलिस उपाधीक्षक (नगर) सहित कई अधिकारी शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ), क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) व मोटरसाइकिल सवार पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया। इसके अलावा कोतवाली व हिंदपीढ़ी समेत रांची के अन्य थाना क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च निकाला गया। रांची के नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया कि पुलिस ने लोगों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने व सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचने का आग्रह किया। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं व आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
