अनुकंपा नियुक्ति से लेकर चौकीदारों के एमएसीपी लाभ तक, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

360° Ek Sandesh Live


हजारीबाग। डीसी हेमंत सती की अध्यक्षता में गुरुवार को सामान्य शाखा के कार्यों की समीक्षात्मक बैठक हुई। जिसमें अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति, चौकीदारों की सेवा संपुष्टि, एमएसीपी लाभ, रिक्त पदों पर नियुक्ति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की गई। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने व सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में चौकीदारों की सेवा संपुष्टि से जुड़े मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आयोजित करने का निर्देश भी दिया गया। इसके अलावा चौकीदारों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय एमएसीपी का लाभ प्रदान करने से संबंधित मामलों पर चर्चा की गई। जिले में चौकीदारों के रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया पर भी विचार-विमर्श किया गया। डीसी ने जिले में अनुज्ञप्ति प्राप्त शस्त्रों, सिनेमा घरों व बार आदि की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। वहीं, झारखंड आंदोलनकारियों को दी जाने वाली पेंशन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। एसटी/एससी आयोग में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। बैठक में सामान्य शाखा से जुड़े सभी कार्यों को पारदर्शिता व नियमानुसार निष्पादित करने के साथ लंबित मामलों की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

Spread the love