श्रद्धालुओं ने धारण किया अनंत सूत्र
AMIT RANJAN
जलडेगा: अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को जलडेगा स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ अनंत चतुर्दशी पूजा एवं व्रत कथा का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान अनंत की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित रुद्रप्रताप मिश्रा ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई और व्रत कथा का वाचन किया। कथा के दौरान उन्होंने भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप तथा इस व्रत की धार्मिक महिमा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने श्रद्धालुओं को बताया कि अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान अनंत की आराधना कर अनंत सूत्र धारण करने से परिवार में सुख-समृद्धि और मंगल बना रहता है।
पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक अनंत सूत्र धारण किया और जीवन में मंगल की प्रार्थना की। अनुष्ठान के दौरान गूंजते वैदिक मंत्रों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
