MUSTFA
मेसरा : राजधानी रांची के बीआईटी मोड़ केदल स्थित मनरखन महतो बीएड कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्थापना दिवस के अवसर पर एनएसएस इकाई के तत्वावधान में भव्य पौध रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज के अध्यक्ष मनरखन महतो की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान के प्रशिक्षुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कॉलेज परिसर में कई पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष महतो ने कहा,वृक्ष हमारे जीवन का मूल आधार हैं। केवल पौधा लगा देना ही काफी नहीं है,बल्कि एक छोटे बच्चे की तरह उसकी लगातार देखभाल कर उसे बड़ा वृक्ष बनाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
वहीं,कॉलेज के निदेशक मनोज कुमार महतो ने प्रशिक्षुओं की सराहना करते हुए कहा, प्रांगण में किया गया यह वृक्षारोपण एक सराहनीय पहल है। यह न केवल कैंपस को हरा-भरा बनाएगा,बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी पर्यावरण के प्रति सचेत रहने की प्रेरणा देगा। प्राचार्य डॉ दूधेश्वर महतो ने कहा कि एक शिक्षक समाज का वास्तविक मार्गदर्शक होता है,इसलिए भविष्य के इन भावी शिक्षकों को पर्यावरण और समाज के प्रति हमेशा सजग एवं तत्पर रहना चाहिए। इस अवसर पर संस्थान के ट्रस्टी विरेन्द्रनाथ ओहदार,खुशबू सिंह,कृति काजल,प्रबंधक मुकेश कुमार,प्रशासिका मीना कुमारी एवं पुनम कुमारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इनके साथ ही महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
