MUSTFA
मेसरा/ओरमांझी (रांची): ओरमांझी प्रखंड के गांगूटोली में बुधवार को आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक ऐतिहासिक इंद्र मेला बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। भारी बारिश के कारण 24 सितंबर को स्थगित हुआ यह मेला इस बार दोगुनी उमंग के साथ जमा, जहां दोपहर तीन बजे से ही श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मेले का मुख्य आकर्षण नागपुरी कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं,जिन पर देर शाम तक लोग झूमते नजर आए।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि आदित्य साहू ने आयोजन समिति के समर्पण की सराहना करते हुए भगवान इंद्र से क्षेत्र और देश में खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का कार्य करते हैं। पूर्व सांसद रामटहल चौधरी और मुख्य संरक्षक जय गोविंद उर्फ लालू साहू ने मेले को सामाजिक मेल-जोल व समृद्ध लोक-संस्कृति की धरोहर बताया। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीत-संगीत और नृत्य ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। मेला समिति द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त करने के साथ ही इस भव्य आयोजन का समापन हुआ।
