बालूमाथ बाजारटांड़ में प्रशासन का कड़ा रुख: जेसीबी चलाकर हटाया गया अवैध अतिक्रमण

360° Ek Sandesh Live


बालूमाथ (लातेहर): स्थानीय प्रशासन ने बाजार क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाने और अवैध कब्जों पर नकेल कसने के लिए गुरुवार को एक बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। उपायुक्त (डीसी) के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। यह अभियान अंचलाधिकारी बालेश्वर राम और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश प्रसाद सिंह के संयुक्त नेतृत्व में चलाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बाजारटांड़ से लेकर थाना चौक तक सड़क के दोनों ओर बुलडोजर (जेसीबी) चलाया गया। दुकानों के आगे बढ़ाए गए टीन-शेड , एस्बेस्टस, पक्के चबूतरे, अवैध गुमटियों और अवैध रूप से बनाए गए घरों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया। कई दुकानदारों ने प्रशासन की कार्रवाई से पहले खुद ही अपने अवैध निर्माण हटा लिए।
अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य मुख्य सड़क पर लगने वाले जाम से आम जनता को राहत दिलाना है। अतिक्रमण हटाने के बाद एनएच-22 के किनारे सड़क पर बैठने वाले फल और सब्जी विक्रेताओं को एक व्यवस्थित शेड बनाकर वहां पुनर्वासित किया जाएगा, ताकि उनका व्यवसाय भी प्रभावित न हो और यातायात भी बाधित न हो। इस अभियान के दौरान थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा, एसआई देवेंद्र सिंह, धीरज सिंह, रामशंकर उपाध्याय, सीआई बासुदेव महतो, राजस्व कर्मचारी अनिल होरो, अमीन दीपक कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल के जवान प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Spread the love