सुरक्षित मिले 15 लाख के जेवरात,ईरबा में हुई 21 लाख की चोरी का मामला बना संदिग्ध

360° Ek Sandesh Live

NEWS BY MUSTAFFA

मेसरा/​ओरमांझी (रांची): ओरमांझी थाना क्षेत्र के पाहन टोली (ईरबा) में बीते दिनों हुई करीब 21.50 लाख रुपये की चोरी का मामला अब काफी संदिग्ध हो गया है। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस छानबीन में जुटी ही थी कि झाड़ियों से चोरी गए करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात सही-सलामत बरामद कर लिए गए। ​घटना के संबंध में बताया जाता है कि कांटा टोली निवासी मोहम्मद सलाम (64 वर्ष) पाहन टोला ईरबा स्थित अपने नए मकान में परिवार संग रहते हैं। गत 27 सितंबर को वे परिवार के साथ भतीजे की शादी में शामिल होने धनबाद गए थे। 28 सितंबर को जब वे लौटे, तो घर के मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे मिले। सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे 15 लाख के आभूषण,5 लाख नकद,कपड़े व बर्तन सहित कुल 21.50 लाख की संपत्ति गायब बताई गई। ​सूचना पर मामला दर्ज कर ओरमांझी पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। आसपास सीसीटीवी कैमरे न होने के कारण पुलिस ने जांच के लिए स्क्वाड डॉग बुलाया। लेकिन डॉग के पहुंचते ही गृहस्वामी ने पुलिस को सूचना दी कि घर से थोड़ी दूर झाड़ी में जेवरात मिल गए हैं। ताज्जुब की बात यह रही कि सभी जेवरात डिब्बे में बिल्कुल उसी तरह सुरक्षित रखे मिले,जैसे वे अलमारी में रखे गए थे। पुलिस ने सभी जेवरात जब्त कर लिए हैं। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि जिस तरह डिब्बे में जेवरात सुरक्षित मिले हैं,उससे चोरी का यह पूरा मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और दर्ज कराई गई प्राथमिकी की गहनता से छानबीन कर रही है और जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। 

Spread the love