गांधी जयंती पर गेगदा मल्टीपर्पस कम्युनिटी हॉल का लोकार्पण

Business

PVUNL की CSR पहल से ग्रामीण समुदाय को मिली नई सामुदायिक सुविधा; “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण

Eksandeshlive Desk

पतरातू: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत गेगदा में निर्मित मल्टीपर्पस कम्युनिटी हॉल का लोकार्पण किया गया। लगभग 80 लाख रुपये की लागत से विकसित यह सामुदायिक भवन स्थानीय ग्रामीणों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए समर्पित किया गया है। इस अवसर पर हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल, बड़कागांव के विधायक रोशन लाल चौधरी तथा PVUNL के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ए. के. सहगल सहित PVUNL के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में सामुदायिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा स्थानीय लोगों के सामाजिक एवं सामुदायिक विकास को बढ़ावा देना है। यह भवन विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए स्थानीय लोगों को एक बेहतर एवं सुलभ मंच उपलब्ध कराएगा। इस अवसर पर गांधी स्मारक परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद मनीष जायसवाल, विधायक रोशन लाल चौधरी एवं CEO PVUNL ए. के. सहगल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें भी पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वावलंबन एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया तथा उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत PVUNL द्वारा अपनी CSR पहल के तहत गांधी स्मारक पुस्तकालय को तीन पुस्तक अलमारियां (बुकशेल्फ़) एवं हिंदी साहित्य की पुस्तकें भी भेंट की गईं। इस पहल का उद्देश्य पुस्तकालय की सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों में पठन-पाठन तथा साहित्य के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत PVUNL टाउनशिप परिसर एवं गांधी स्मृति स्थल के समीप वृहद पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

जनप्रतिनिधियों, PVUNL के अधिकारियों, स्थानीय ग्रामीणों एवं उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया। PVUNL द्वारा राष्ट्रीय पर्वों एवं स्थानीय त्योहारों के अवसर पर समुदाय के साथ निरंतर सहभागिता एवं सहयोग किया जाता रहा है। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम भी सामुदायिक विकास, शिक्षा, संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। गांधी स्मारक समिति एवं स्थानीय समुदाय ने PVUNL द्वारा किए गए सहयोग की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र में सामुदायिक विकास एवं सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके आदर्शों के अनुरूप समाज निर्माण में सामूहिक योगदान देने का आह्वान किया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने सामुदायिक विकास, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रनायकों के आदर्शों के प्रति सम्मान का संदेश देते हुए समारोह को सार्थक बनाया।

Spread the love