मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट, पाकुड़ सबसे गर्म और लातेहार सबसे ठंडा
Eksandeshlive Desk
रांची: झारखंड में पांच से नौ अक्टूबर के बीच मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग ने इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दो दिनों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने के कारण राज्य में बारिश नहीं हुई। आसमान साफ रहने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई और लोगों को गर्मी के साथ उमस का सामना करना पड़ा।
विभाग के मुताबिक, उत्तरी हवाओं का प्रवाह प्रतिचक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव में उत्तरी गुजरात और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान होते हुए मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों तक बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में पाकुड़ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। इससे दिन में गर्मी और उमस बढ़ी। दोपहर बाद आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। रांची में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम 24 डिग्री, डाल्टनगंज का 34 और 23.1 डिग्री, बोकारो का 34.1 और 22.6 डिग्री तथा चाईबासा का अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
