दक्षिण कोरिया को ट्रंप की चेतावनी: अलास्का एलएनजी में निवेश नहीं किया तो बढ़ेगा आर्थिक बोझ

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण कोरिया को अलास्का के प्रस्तावित एलएनजी प्रोजेक्ट में निवेश को लेकर दबाव डालते हुए कहा है कि अगर सियोल जल्द समझौते पर सहमत नहीं होता है, तो अमेरिका उससे “ज्यादा पैसे वसूलेगा”। ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर दक्षिण कोरिया जल्द हस्ताक्षर नहीं करता है तो वह रकम दोगुनी कर देंगे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि अतिरिक्त राशि किस रूप में ली जाएगी। दक्षिण कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी योनहाप के अनुसार, ट्रंप की यह टिप्पणी व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान आई। इससे दो दिन पहले उन्होंने दक्षिण कोरिया के अमेरिकी निवेश पैकेज के तहत अलास्का एलएनजी परियोजना, टेक्सास में गैस आधारित बिजली संयंत्र और आठ परमाणु ऊर्जा संयंत्रों से जुड़ी योजनाओं की घोषणा की थी। हालांकि, दक्षिण कोरियाई सरकार ने स्पष्ट किया है कि अलास्का एलएनजी परियोजना में निवेश को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। सियोल का कहना है कि परियोजना की व्यावसायिक व्यवहार्यता और अन्य शर्तों की समीक्षा के बाद ही आगे बढ़ा जाएगा।

अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक ने पहले कहा था कि दक्षिण कोरिया अलास्का एलएनजी परियोजना में 50 अरब डॉलर से अधिक का निवेश करेगा। वहीं, अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच जारी दस्तावेजों में परियोजना को वाणिज्यिक शर्तों और कानूनी आवश्यकताओं की पूर्ति से जोड़कर देखा गया है। अलास्का एलएनजी परियोजना में राज्य के नॉर्थ स्लोप से दक्षिणी अलास्का तक करीब 1,298 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बनाने और प्राकृतिक गैस को तरलीकृत कर एशियाई बाजारों में भेजने की योजना है। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 44.5 से 54.5 अरब डॉलर बताई गई है। इस घटनाक्रम से अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच निवेश समझौते की शर्तों को लेकर दोनों पक्षों के बयानों में अंतर भी सामने आया है। जहां अमेरिकी प्रशासन परियोजना में दक्षिण कोरियाई निवेश को घोषित कर चुका है, वहीं सियोल ने अभी इसे अंतिम निवेश प्रतिबद्धता नहीं माना है।

Spread the love