शव के साथ महावीर चौक किया जाम
सड़क पर पड़ी गिट्टी बनी हादसे की वजह, कार्रवाई तथा मुआवजे की मांग पर सड़क पर उतरे परिजन
अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): बीच सड़क पर पड़े गिट्टी की वजह से हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल सोमर भारती(30) की इलाज के दौरान मौत के बाद रविवार को परिजनों एवं स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने शव को प्रतापपुर मुख्यालय स्थित महावीर चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे कुछ समय तक आवागमन बाधित रहा।
मालूम हो कि करीब 10-11 दिन पूर्व प्रतापपुर थाना क्षेत्र के हुमाजांघ पंचायत के कुबड़ी-लिपता गांव के समीप सड़क पर बड़ी मात्रा में गिट्टी गिराकर छोड़ दी गई थी। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे सोमर भारती गिट्टी की चपेट में आकर अनियंत्रित होकर गिर पड़े थे। गंभीर स्थिति में उन्हें पटना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर गिट्टी गिराने वाले ट्रैक्टर मालिक पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप प्रशासन पर लगाते हुए प्रतापपुर महावीर चौक को जाम कर दिया। जाम की सूचना पर प्रतापपुर अंचल के सीआई कैलाश कुमार, अंचल नाजिर मो. जुनैद समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता की। हुमाजांग पंचायत के मुखिया पुत्र एवं कांग्रेस युवा नेता मोती पासवान तथा भुइयां समाज के जिला अध्यक्ष उमेश भारती ने भी परिजनों को समझाने का प्रयास किया साथ हीं प्रशासन से मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने पर खेद व्यक्त किया। तत्पश्चात प्रशासन के आवश्यक कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई तथा मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
