इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता संपन्न, अर्पण दास बने चैंपियन

Sports

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम: पश्चिमी सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में खिरवाल बैंक्विट हॉल में आयोजित द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। नौ चक्रों तक चली इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में पश्चिमी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, संघ के संरक्षक नितिन प्रकाश, दीपेंद्र प्रसाद साव, डॉ. विजय मुंद्रा, पवन खिरवाल और जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम में बंगाल के अर्पण दास प्रथम स्थान पर रहे। उन्हें विजेता ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। अंतरराष्ट्रीय मास्टर आराध्या गर्ग ने दूसरा स्थान हासिल किया। उन्हें 60 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। फीडे मास्टर हर्षित रंजन साहू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्हें 40 हजार रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। शीर्ष 10 में ऋत्विक चक्रवर्ती, ऋषण देवनाथ, सृजन शाह, एस. धनंजय, सोमालिया मंडल, गगन साहू और अनुस्तूप विश्वास भी शामिल रहे। संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के अंकों और टाई-ब्रेक नियमों के आधार पर अंतिम रैंकिंग निर्धारित की गई। नौ चक्रों के दौरान कुल 1673 मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में 79 महिला खिलाड़ियों के अलावा 241 अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न आयु एवं श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में मुकुंद रुंगटा ने अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों के प्रति आभार जताया। महासचिव बसंत खंडेलवाल ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर सोहनलाल मुंद्रा, बलराम सुल्तानिया, अनिल खिरवाल, लड्डू खिरवाल, नीरू गोयल, अनूप भट्टी, रतनलाल खंडेलवाल, चंद्रशेखर, शालिनी सराफ, वरिषा डोडराजका, संगीता मूंदड़ा, विनीता खिरवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Spread the love