Eksandeshlive Desk
कोडरमा: नाबालिग से कथित यौन शोषण के गंभीर मामले में कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने शनिवार की देर रात उन्हें उरवां स्थित फार्म हाउस से हिरासत में लिया था। कई घंटों की पूछताछ और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया। मामले में आरोप लगाने वाली आदिवासी किशोरी हजारीबाग जिले की रहने वाली बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, किशोरी इलाज के सिलसिले में सिविल सर्जन के संपर्क में आई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसे अपने प्रभाव में लेकर उसका यौन शोषण किया गया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोडरमा महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। महिला थाना की प्रारंभिक जांच के बाद मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार देर रात डॉ. अनिल कुमार को हिरासत में लिया। उनसे मामले को लेकर कई घंटे तक पूछताछ की गई। सदर अस्पताल में मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को आरोपित सिविल सर्जन को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच और पूछताछ के बाद सिविल सर्जन को गिरफ्तार किया गया है। घटना सामने आने के बाद जिले के स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक महकमे में हलचल है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने के दौरान डॉ अनिल कुछ भी बोलने से बचते रहे। पत्रकारों के पूछे जाने पर भी उन्होंने मामले में कुछ नहीं कहा।
