उत्तर-पूर्वी मानसून के कारण कई राज्यों में भारी बारिश के आसार

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी मानसून के कारण दक्षिणी प्रायद्वीप के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर फिर से शुरू होने के आसार हैं। वहीं, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली, पंजाब, हरियाणा तथा उत्तर-पश्चिम भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में मौसम करवट ले रहा है। शुक्रवार सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश हो सकती है। तापमान सामान्य से नीचे रहेगा, जिससे ठंडक का अहसास होगा जबकि शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना कम हो जाएगी। हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम होने से अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुसार आज राजधानी में हल्की बारिश हुई है जिससे तापमान में गिरावट के साथ सर्दी की हल्की दस्तक महसूस होने लगेगी।

आईएमडी के मुताबिक उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ और हरियाणा के आसपास चक्रवाती परिसंचरण के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में बड़ा बदलाव आया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश (पूर्वी-पश्चिमी) में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत के उत्तर-पूर्वी मानसून के सक्रिय होने से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 16-20 अक्टूबर के बीच झमाझम बारिश होगी। शुक्रवार को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में अगल पांच दिनों के दौरान तेज हवाओं (40-60 किमी प्रति घंटा) के साथ लगातार बारिश होने का अनुमान है।मध्य भारत के मध्य प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी), छत्तीसगढ़ और विदर्भ (महाराष्ट्र) के इलाकों में 16-20 अक्टूबर के बीच छिटपुट से लेकर हल्की बारिश होने की संभावना है। यहां भी कुछ स्थानों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

Spread the love