अपनी बेटी के लिए इंसाफ की मांग लेकर इंडिया गेट पर धरने पर बैठे अंकिता भंडारी के माता-पिता को पुलिस ने हिरासत में लिया

NATIONAL

भारतीय युवा कांग्रेस का ऐलान-अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक यह आंदाेलन नहीं रुकेगा, राहुल-प्रियंका ने किया मांग का समर्थन

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: अपनी बेटी के लिए इंसाफ की मांग लेकर इंडिया गेट पर धरने पर बैठे अंकिता भंडारी के माता-पिता को पुलिस ने गुरुवार को तड़के हिरासत में ले लिया। अंकिता भंडारी के माता-पिता का कहना है कि सीबीआई जांच पूरी होने तक बीजेपी नेता दुष्यंत कुमार की सिक्किम के राज्यपाल के तौर पर नियुक्ति पर रोक लगाई जाए। इससे पहले अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस ने बुधवार रात इंडिया गेट पर सत्याग्रह किया। वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे अंकिता भंडारी के परिवार से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने परिवार की न्याय की मांग के प्रति समर्थन जताया।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की देशभर में आंदोलन की चेतावनी: भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग की। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि युवा कांग्रेस और कांग्रेस के कई नेता एवं कार्यकर्ता बीती रात इंडिया गेट पर अंकिता भंडारी के माता-पिता के साथ प्रदर्शन में शामिल थे। इस दौरान कई लोगों को गुरुवार सुबह हिरासत में लिया गया बाद में एक घंटे में रिहा भी कर दिया गया। उदय भानु चिब ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी के माता-पिता पिछले चार वर्षों से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें ही हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंकिता के परिवार को न्याय दिलाने के बजाय उनके माता-पिता और कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। चिब ने कहा कि जिन बसों में दुष्यंत गौतम को गिरफ्तार होकर जाना चाहिए था, उनमें कांग्रेस के युवाओं को गिरफ्तार कर ले जाया जा रहा है। अंकिता के परिवार को हिरासत में लिया जा रहा है। कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक यह आंदाेलन नहीं रुकेगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अंकिता के माता-पिता चार साल से इंसाफ की मांग कर रहे हैं, जबकि दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाकर पदोन्नति दी गई है। उन्होंने सवाल किया कि अंकिता को न्याय से वंचित रखने के लिए आखिर कब तक जिम्मेदार लोगों को संरक्षण दिया जाता रहेगा। चिब ने कहा कि संगठन अंकिता के न्याय की लड़ाई जारी रखेगा और उनके परिवार के साथ मिलकर उन्हें न्याय दिलाने की हरसंभव कोशिश करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग की। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने चेतावनी दी कि यदि दुष्यंत गौतम को राज्यपाल के पद से बर्खास्त नहीं किया गया, तो अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर देशभर में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंकिता के साथ हुआ अन्याय गंभीर मामला है और संगठन इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेगा।

अंकिता भंडारी के परिवार से मिले राहुल और प्रियंका गांधी, निष्पक्ष न्याय की मांग: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे अंकिता भंडारी के परिवार से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने परिवार की न्याय की मांग के प्रति समर्थन जताया। उत्तराखंड की 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की सितंबर 2022 में ऋषिकेश के पास एक रिजॉर्ट में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को दोषी ठहराया गया था। हालांकि, परिवार मामले में कथित ‘वीआईपी’ की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग कर रहा है। परिवार का विरोध भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने को लेकर भी है। परिजनों ने मांग की है कि कथित वीआईपी पहलू की जांच पूरी होने तक उनकी नियुक्ति पर रोक लगाई जाए। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और भाजपा पर सवाल उठाए हैं तथा परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं, परिवार की मुख्य मांग कथित वीआईपी पहलू की निष्पक्ष जांच और मामले से जुड़े सभी सवालों का जवाब सामने लाना है।

Spread the love